बस्ती ,चुनावी रंजिश में बस्ती के गौर इलाके में चली गोली एक घायल

चुनावी रंजिश में बस्ती के गौर इलाके में चली गोली, एक घायल

बभनान ,बस्ती

गौर थाना क्षेत्र के सिकरी चौराहे पर चुनावी रंजिश को लेकर गोलीबारी हो गई। गोलीबारी में दिनेश सिंह नामक व्यक्ति घायल हो गया। गोली चलाने का आरोप क्षेत्रीय हिस्ट्रीशीटर पर है, जिस पर पूर्व में तीन हत्या का आरोप लगा है। घायल व्यक्ति ने हिस्ट्रीशीटर सहित 3 लोगों के नाम बताए हैं।

सिकरी चौराहे के पास चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए थे। मामला बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गया। घायल दिनेश सिंह को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती लाया जा रहा है। घटना रविवार शाम 8 बजे बताई जा रही है। मौके पर गौर पुलिस पहुंच गई है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है सुमही ग्राम पंचायत में दो पक्ष सुखपाल सिंह और विनोद सिंह ने प्रधान पद के लिए अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। इस चुनाव में विनोद सिंह के पक्ष का व्यक्ति प्रधान पद का चुनाव जीत गया। रविवार की शाम सुमही के राजस्व गांव सिकरी चौराहे पर एक पक्ष के सुखपाल सिंह कुछ सामान खरीद रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान विनोद सिंह के पक्ष का एक व्यक्ति चुनाव में जीत हार को लेकर वहश करने लगा। इस दौरान सिकरी चौराहे पर सुखपाल सिंह के समर्थकों ने उसे घेर लिया।

मामले की जानकारी होने पर विनोद सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन सुखपाल सिंह का पलड़ा भारी दिखा। स्वयं को घिरता देख विनोद सिंह ने ताबड़तोड़ गोली चला दी, जिसमें से एक गोली सुखपाल सिंह के रिश्तेदार दिनेश सिंह को लगी। दिनेश सिंह डेंगरहा थाना गौर के रहने वाले हैं और वह सुखपाल सिंह के यहां दावत पर आए थे। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दिनेश सिंह को सीएचसी गौर पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह इस समय सोनहा थाना क्षेत्र के दरियापुर जंगल गए हुए थे, जहां पर हुई अपहरण बाद एक हत्या को लेकर तनाव फैला हुआ था। गोलीबारी की सूचना पर वह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

Post a Comment

0 Comments