बस्ती,डॉ. कीर्ति सिंह ने बनाया कीर्तिमान, चार पूर्व सीज़ेरियन के बाद दुर्लभ संयुक्त जुड़वां गर्भ का सफल ऑपरेशन कर बचाई प्रसूता की जान
बस्ती, 10 जुलाई। जिले में एक अत्यंत दुर्लभ एवं जटिल प्रसूति शल्यक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देकर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिंह ने एक प्रसूता का जीवन बचाया।
जानकारी के अनुसार, प्रसूता का पूर्व में चार बार सीज़ेरियन (LSCS) हो चुका था, जिससे यह गर्भावस्था पहले से ही अत्यधिक जोखिमपूर्ण थी। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि गर्भ में थोराकोपैगस (Thoracopagus) प्रकार के संयुक्त जुड़वां भ्रूण थे, जिनका हृदय एक ही था। दुर्भाग्यवश दोनों भ्रूण गर्भ में ही मृत हो चुके थे, जिसके कारण मां के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।
परिजनों के अनुसार, मरीज का पहले एक झोलाछाप व्यक्ति द्वारा सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया, जिससे उसकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
पूर्व के चार सीज़ेरियन ऑपरेशन, मृत संयुक्त जुड़वां गर्भ तथा संभावित अत्यधिक रक्तस्राव जैसी गंभीर जटिलताओं के कारण यह शल्यक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद डॉ. कीर्ति सिंह ने अपनी टीम के साथ सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर प्रसूता का जीवन बचा लिया।
डॉ. कीर्ति सिंह ने बताया कि थोराकोपैगस संयुक्त जुड़वां गर्भ अत्यंत दुर्लभ स्थिति होती है। ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा और सही निर्णय ही मां के जीवन की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की कि प्रसव हमेशा योग्य स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की देखरेख में ही कराया जाए तथा किसी भी प्रकार के झोलाछाप या अप्रशिक्षित व्यक्ति से उपचार न कराएं।
वर्तमान में प्रसूता की स्थिति स्थिर है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रही है। इस सफल शल्यक्रिया की चिकित्सा क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
डॉ. कीर्ति सिंह वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (MBBS, MS, DNB) हैं। वे वर्तमान में प्रातःकालीन ओपीडी में चाइल्ड केयर सेंटर, मालवीय रोड, बस्ती में मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करती हैं। इससे पूर्व वे नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में कार्यरत रह चुकी हैं। उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, जटिल प्रसूति शल्यक्रियाओं तथा स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशनों में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है।
Post a Comment
0 Comments