बस्ती, जिले की 1500 महिलाओं को 31 मार्च 2023 तक लखपति बनाने के लिए जिलाधिकारी ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को किया निर्देशित

     बस्ती,लखपति महिला योजना के अंतर्गत जिले की 1500 महिलाओं को 31 मार्च 2023 तक लखपति बनाने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तैयारी बैठक में उन्होंने कहा कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा लखपति महिला योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों का चयन करके उनकी आय प्रतिवर्ष ₹1लाख से अधिक करने की योजना है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रदेश के केवल 11 जनपदों का चयन इस योजना में किया गया है, जिसमें बस्ती भी शामिल है।
        जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, गन्ना, उद्योग, पशुपालन ,रेशम, विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह महिला लाभार्थियों का चयन करके उनकी आय में वृद्धि का अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गन्ना एवं उद्यान विभाग की नर्सरी महिलाएं संचालित कर सकती हैं। इसी प्रकार रेशम विभाग भी शहतूत एवं कोया उत्पादन के साथ-साथ धागा बनाने में महिलाओं का चयन कर सकते हैं। उद्योग विभाग फर्नीचर उद्योग से संबंधित परिवारों की महिलाओं का चयन करके उनकी आय में वृद्धि कर सकते हैं। जिले में विभिन्न स्थानों पर मूर्तियां बनाई जाती हैं। इन परिवारों की महिलाओं को भी योजना में शामिल करके उन्हें लखपति महिला बनाया जा सकता है।
        उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग महिला सखियों को अधिक से अधिक धनराशि की विद्युत बिल भुगतान कराने की सहूलियत प्रदान करें। इसी प्रकार बैंक सखी की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। बैंक सखियों द्वारा मनरेगा मजदूरों का मौके पर ही उनकी मजदूरी का भुगतान कराया जा सकता है। इससे समय से मजदूरी का भुगतान होगा तथा धांधली भी कम होगी। उद्यान विभाग मशरूम तथा फूलों की खेती को बढ़ावा देकर महिला स्वयं सहायता समूह को इस योजना से जोड़ सकता है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी लाभार्थी महिलाओं का चयन करके विभिन्न योजनाओं से जोड़ें तथा भारत सरकार की लखपति महिला योजना का प्रभावी संचालन करें। उपायुक्त स्वरोजगार रामदुलार ने बताया कि विभिन्न जिलों में बांस, मछली, मुर्गी फार्म से जुड़कर महिलाएं लखपति बनी है। इसी प्रकार अपने जिले में भी महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उनके आय  में वृद्धि करके लखपति महिला योजना को सफल बनाया जा सकता है।
       बैठक में सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, उपायुक्त स्वरोजगार रामदुलार, अधीक्षण अभियंता विद्युत सुशील कुमार मौर्य, सहायक निदेशक रेशम रितेश सिंह, उप निदेशक कृषि अनिल कुमार, सीवीओ डॉक्टर अश्वनी तिवारी, सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments