बस्ती,वाल्टरगंज चीनी मिल के खरीदार के खिलाफ केस



बस्ती

बस्ती की वाल्टरगंज चीनी मिल के चलने के आसार एक बार फिर से धूमिल होते नजर आ रहे हैं। फेनिल ग्रुप ने नए खरीदार पर अनुबंध तोड़ने का आरोप लगाते हुए अमानत में खयानत व संपत्ति के नुकसान का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। निदेशक फेनिल ग्रुप ने मिल पर अवैध कब्जे का भी आरोप लगाया है।

नारंग ग्रुप से फेनिल शुगर लि. ने बस्ती और वाल्टरगंज चीनी मिल को खरीदा था। मिल खरीदने के साथ ही बस्ती शुगर मिल को बंद कर दिया गया। एक साल चलाने के बाद वाल्टरगंज चीनी मिल को भी बंद कर दिया गया। उसके बाद से लगातार कर्मचारियों व किसानों ने आंदोलन करते हुए मिल चलाने की मांग की। मिल पर किसानों का करोड़ों रुपया गन्ना मूल्य का भी बकाया है। इसी बीच पिछले साल वाल्टरगंज चीनी मिल को बेचने व नए खरीदार की तरफ से चलाने की बात आई।

जिला प्रशासन की सहमति पर फेनिल शुगर लि. व नए खरीदार कन्हैया शर्मा निवासी 603, शालीमार इमरल्ड, बटलर पैलेस चौराहा जापलिंग रोड, हजरतगंज, लखनऊ में अनुबंध हुआ। फेनिल शुगर लि. के निदेशक संजय चौधरी निवासी 2/261 कार्यालय 1/26ए प्रथम तल गली नंबर 1 ललिता पार्क लक्ष्मी नगर, दिल्ली ने वाल्टरगंज पुलिस को तहरीर दी। इसमें संजय चौधरी ने बताया कि कन्हैया शर्मा ने कंपनी से हुए अनुबंधन के विपरीत कार्य किया। विक्रय की कुल धनराशि 29 करोड़ में से केवल तीन करोड़ का भुगतान किया। बार-बार मांग के बावजूद जब कन्हैया शर्मा ने शेष धनराशि का भुगतान नहीं किया।

सरकारी नियमों को नजरअंदाज करने के चलते शुगर मिल की तरफ से लीगल नोटिस दिया गया। उसका जबाब न मिलने पर अनुबंध रद्द करते हुए फेनिल शुगर लि. वाल्टरगंज ने मिल परिसर को तत्काल खाली करने को कहा। आरोप है कि कन्हैया शर्मा व उनके कुछ साथियों व कर्मचारियों ने सांठ-गांठ कर मिल पर अनधिकृत कब्जा कर रखा है। पुलिस ने कन्हैया शर्मा व कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Post a Comment

0 Comments