30 चालान व पांच लाख टैक्स बकाया,फिर भी दौड़ रही थी बस

हर्रैया - महराजगंज (बस्ती)  नियमों की अनदेखी करते हुए मनमानी तरीके से पैसे बनाने का चलन शुक्रवार को एक बस संचालक पर भारी पड़ गया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महराजगंज पुलिस ने शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे दिल्ली से बिहार तक रोज सवारी ढोने वाली एक डबल डेकर बस को कब्जे में ले लिया। बस का पांच लाख रुपये रोड टैक्स बकाया है, वहीं इस वाहन के अब तक 30 चालान हो चुके हैं। कोई भी चालान भरा नहीं गया है। इसके बावजूद यह बस बेखौफ तीन राज्यों की सीमा पार कर रही थी। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार सिंह के अनुसार इस वाहन पर भारी-भरकम बकाए की सूचना पहले से थी। शुक्रवार की सुबह इस वाहन में बैठे यात्री शीशे में से हाथ बाहर निकालकर चिल्ला रहे थे। बस भी बेतरतीब तरीके से चल रही थी। बस को चौकी के सामने तत्काल रोका गया। इसमें 70 यात्री सवार थे, जबकि वाहन को 42 यात्री बैठाने की अनुमति है। यात्रियों से मनमाने तरीके से किराया भी वसूला गया है।

बस में यात्रा कर रहे अंकित कुमार झा पुत्र शंभूनाथ झा निवासी बौहरवा, दरभंगा, बिहार ने पुलिस चौकी पर बस के चालक सुनील शाह निवासी विवेकानंद नगर, जालंधर पंजाब समेत आठ बस स्टाफ द्वारा मारपीट किए जाने तथा बांध के मारने की धमकी देने संबंधी शिकायती पत्र भी दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि बस को सीज कर दिया गया है। नहीं लेते यात्रियों की जिम्मेदारी लंबी दूरी तय करने वाले प्राइवेट बस संचालकों में से अधिकांश द्वारा यात्रियों की सुविधा का ध्यान नहीं रखा जाता। इसका ताजा उदाहरण बीते 13 मार्च को देखने को मिला जब ऐसे ही एक प्राइवेट बस में यात्रा कर रही एक महिला अचानक प्रसव पीड़ा से कराहने लगी थी। वाहन चालक ने बस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने खड़ा किया तथा महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने बस में ही प्रसव करवाया था। बस स्टाफ ने इस महिला को कंपनी की दूसरी बस द्वारा दूसरे दिन दिल्ली पहुंचाने का वादा किया था। दूसरे दिन फोन किये जाने पर वह अपनी बात से मुकर गया। स्थानीय लोगों ने चंदा लगाकर महिला व उसके पति को दिल्ली भिजवाया था।

रिपोर्टर - प्रदीप कुमार वर्मा

           हर्रैया से

Mo. - 9838003741

Post a Comment

0 Comments