बस्ती,राना दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए
बस्ती,उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव में बस्ती के राना दिनेश प्रताप सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। रविवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में संपन्न हुए निर्वाचन में उन्हें सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
राना दिनेश प्रताप सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। उनके प्रदेश उपाध्यक्ष चुने जाने पर जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
निर्वाचन में पूर्व सैन्य अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता लखनऊ के डॉ. बाबादीन चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष तथा एशिया गोल्ड मेडलिस्ट एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आजमगढ़ के राजेश कुमार सिंह को प्रांतीय महामंत्री चुना गया। फिरोजाबाद के सुरेंद्र सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सुल्तानपुर के राम लखन यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं भारतीय मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंजाब के काबुल सिंह औलाख, राजस्थान की लक्ष्मी स्वामी तथा गुजरात के वी.एन. पाठक की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी।
अपने निर्विरोध निर्वाचन पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि बस्ती का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मास्टर एथलीट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मास्टर्स खिलाड़ियों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए सुविधाएं और सम्मान बढ़ाने के साथ ही स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक पुरस्कार दिलाने के लिए सरकार से संवाद किया जाएगा। साथ ही बुजुर्ग मास्टर्स खिलाड़ियों के लिए पेंशन की व्यवस्था किए जाने का भी प्रयास किया जाएगा।
Post a Comment
0 Comments