गीत-संगीत व आतिशबाजी के बीच हुआ बस्ती महोत्सव का आगाज


गीत-संगीत व आतिशबाजी के साथ बस्ती महोत्सव 2021 का शुक्रवार को धूमधाम से आगाज हुआ। बस्ती महोत्सव के तीसरे संस्करण का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया। महोत्सव स्थल पर जुटी भारी भीड़ को देख गदगद हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी-योगी सरकार का गुणगान करते हुए महोत्सव समिति व सांसद हरीश द्विवेदी को बधाई दी। राम से लेकर काम तक को गिनाते हुए अगले कई सालों तक दोनों की सरकार बनाए रखने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बस्ती पहुंचने पर सांसद हरीश द्विवेदी ने उनकी अगुवानी की। कार्यकर्ताओं के साथ वह सीधे भारतरत्न पंडित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह पहुंचे और वहां पर अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दिया। उसके बाद सीधे बस्ती महोत्सव 2021 के मंच पर पहुंचे। जहां पर आयुक्त अनिल कुमार सागर ने मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया। सांसद हरीश द्विवेदी, पांचों विधायक और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आयुक्त अनिल कुमार सागर ने बस्ती महोत्सव के तीसरे संस्करण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सोच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। ऐसे महोत्सव के जिले के ऐतिहासिक, सामाजिक, धार्मिक सभी पहलू आम जनता के सामने आते हैं और नई पीढ़ी के लिए आदर्श बनते हैं। इसी सोच के साथ आयोजित होने वाले इस महोत्सव का तीसरे संस्करण से बस्ती का नाम एक बार फिर से देश-दुनिया में पहुंचेगा।
विधायक सदर दयाराम चौधरी, महादेवा रवि सोनकर, कप्तानगंज चंद्रप्रकाश शुक्ल, हर्रैया अजय सिंह व रुधौली संजय प्रताप जयसवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह व जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने बस्ती की माटी की महक को बताते हुए सभी का स्वागत किया। बस्ती महोत्सव समिति के अध्यक्ष डीएम आशुतोष निरंजन ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। मंच पर मौजूद आईजी अनिल राय, एसपी हेमराज मीणा, सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नंदकिशोर कलाल, सीआरओ नीता यादव, नपा अध्यक्ष रूपम मिश्र ने योगदान दिया।

रिपोर्टर:- रवि कसौधन

Post a Comment

0 Comments