जब विकसित देशों में लड़खड़ा रही थी अर्थव्‍यवस्‍था, भारत मजबूती से टिका रहा-ओम बिड़ला


बस्ती महोत्सव में शनिवार को पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा चुका है। उसने समूचे विश्व को नई दिशा, संकल्प और विचार दिया है। कच्चे माल के लिए दूसरे देशों की तरफ नहीं देखना पड़ रहा है। युवाओं और वैज्ञानिकों ने कच्चा माल बनाने में सफलता हासिल कर ली है। अब यहां के बने माल व सामान देश-विदेश में बेचे जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के दर्शन किए।
लोकसभा अध्यक्ष शनिवार सुबह गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। फिर बस्ती महोत्सव 2021 में शामिल होने पहुंचे। बस्ती महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित शिखर दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना के दौर में जब मजबूत अर्थव्यवस्था व स्वास्थ्य सुविधा वाले देश आर्थिक तौर पर कमजोर हुए तो उस दौर में भारत मजबूती से टिका रहा। भारत इस वैश्विक चुनौती से निपटा और यह साबित किया कि किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम है। भारत 17 लोकसभा व करीब 300 विधानसभा का चुनाव देखते हुए विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हों और उनकी जवाबदेही तय हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बस्ती के महत्व को याद करते हुए कहा कि यह धरती संतकबीर की निर्वाणस्थली है। पवित्र सरयू नदी इसी जमीन को छूते हुए आगे बढ़ती है। भगवान राम के जन्म की कारक पुत्रेष्टि यज्ञ इसी जमीन पर हुआ। 1857 की लड़ाई के एक साथ तीन सौ से अधिक लोगों को फांसी देने का इतिहास भी इसी जिले का है। देवरहवा बाबा, आचार्य रामचंद्र शुक्ल, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना इसी माटी की उपज हैं। इस दौरान शास्त्री चौक पर फीता काटकर उन्होंने 100 फुट ऊंचाई वाले राष्ट्रध्वज को फहराकर जनपदवासियों को समर्पित किया। साथ ही वरिष्ठ साहित्यकार अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल की पुस्तक ‘बस्ती: अतीत से वर्तमान तक’ तक का विमोचन किया।

रिपोर्टर:- रवि कसौधन

Post a Comment

0 Comments