बस्ती,प्रशासन ने रोका मनीष मिश्रा का हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा कार्यक्रम, गरजे मनीष
बस्ती, आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं के बीच हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की अनुमति मिलने के बावजूद प्रशासन द्वारा रोक लगाए जाने को लेकर भाजपा नेता एवं पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान मनीष मिश्रा ने कहा कि जनपद के रंगा, बिल्ला और शिखंडी की पोल 6 दिसंबर को उनके कुकर्मों को प्रमाण के साथ खोलूंगा।
जिला प्रशासन पर दबाव बनाए जाने और सुनियोजित साजिश किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम समय में अनुमति रोके जाने से धार्मिक आयोजन की तैयारियों को झटका लगा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मनीष मिश्रा ने बताया कि रात्रि 11:30 बजे जिला प्रशासन की ओर से पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं दिए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही थीं, तब इतनी देर रात अनुमति निरस्त किए जाने की सूचना क्यों दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद के रंगा, बिल्ला और शिखंडी ने साजिश के तहत जिला प्रशासन पर दबाव बनाकर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की अनुमति रुकवाई है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि बस्ती की टीम ने दिन रात एक कर पांडेय स्कूल के मैदान में हेलीपैड बनवाया था। वहां से उड़नखटोला उड़ते हुए भदेश्वरनाथ धाम, अमहट घाट, निर्मलीकुंड, मखौड़ा और श्रृंगीनारी में पुष्पवर्षा कर वापस चला जाता। इसमें किसी का क्या बिगड़ जाता?
उन्होंने कहा कि राजनीतिक और प्रशासनिक तंत्र को इतने निचले स्तर पर नहीं गिरना चाहिए था। फूल वर्षा होने पर शायद कुछ लोगों के सीने में ज्यादा ही दर्द उभर रहा था, तभी ऐसा कृत्य हुआ।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनके पास इस पूरे प्रकरण से जुड़े साक्ष्य हैं और वह इन साक्ष्यों को लेकर देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, प्रवर्तन निदेशालय ईडी के प्रमुख तथा आयकर विभाग के प्रमुख के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि आज भले ही मनीष मिश्रा को इस मामले में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वह इसे अपनी अंतिम हार नहीं मानते।
बस्ती की जनता से वादा करते हुए उन्होंने घोषणा की कि आगामी 6 दिसंबर को इसी स्थान पर प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को सार्वजनिक करेंगे।
मनीष मिश्रा के इस बयान के बाद जिले में छठ महापर्व के आयोजन और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की अनुमति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Post a Comment
0 Comments