बस्ती ,पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वाराणसी से दो युवक सकुशल बरामद, तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार

         बस्ती, की थाना लालगंज पुलिस ने वाराणसी पुलिस के सहयोग से सराहनीय तत्परता दिखाते हुए बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले गिरोह का कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए डीजीपी ने टीम को ₹50,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना लालगंज क्षेत्र के ग्राम कोहरसा निवासी मनोज कुमार उपाध्याय ने 10 अप्रैल 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अनय उपाध्याय 8 अप्रैल को वाराणसी घूमने गया था। 9 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया और उसके मोबाइल से कॉल कर परिजनों से फिरौती की मांग की। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया गया। अनय के साथ उसका साथी राहुल उपाध्याय भी मौजूद था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लालगंज पुलिस ने तत्काल न्याय संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत वाराणसी के लिए रवाना हो गई। वाराणसी पुलिस के सहयोग से मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों को थाना लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र के गोइठहां चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट से सकुशल बरामद कर लिया गया।

इस दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन अभियुक्तों — शरीयत उल्ला (झारखंड), जसवंत सिंह और अभिजीत सिंह (दोनों बिहार निवासी) — को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक फॉर्च्यूनर वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है, वहीं आमजन और अधिकारियों ने लालगंज पुलिस टीम की सक्रियता और सूझबूझ की जमकर सराहना की है।

Post a Comment

0 Comments