पंचायत चुनाव रिजल्टः पिछली बार से SP की सीटें कम लेकिन BJP से ज्यादा, जानिये यूपी के हर इलाके का हाल


त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है। वहीं बहुजन समाज पार्टी ने भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल में अपना दम दिखाया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसानों के आंदोलन से उपजे रोष के चलते रालोद ने भी अप्रत्याशित तौर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। मंगलवार शाम 6 बजे तक आए नतीजों के अनुसार भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य की 331 सीटें और सपा ने 396 सीटें जीतने का दावा किया है। हालांकि सपा को मिली सीटें वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनावों के मुकाबले कम हैं।

पिछली बार सपा ने दावा किया था कि उसने 3121 सीटों में से 70 फीसदी यानी 2184 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस तरह देखा जाए तो उसकी सीटों में इस बार भारी गिरावट आई है। फिर भी सपा की सीटें भाजपा से अधिक हैं। वर्ष 2015 में बसपा ने भी बेहतर प्रदर्शन किया था। वह दूसरे, भाजपा तीसरे व कांग्रेस चौथे स्थान पर रही थी। इस बार निर्दलीयों ने भी 321 सीटों पर जीत का दावा किया है।

सत्तारूढ़ दल भाजपा के विकास एजेंडे पर रहे बुंदेलखंड में भाजपा का दावा है कि उसे 39 सीटें मिली हैं। यहां सपा और बसपा ने भी भाजपा से कड़े मुकाबला का दावा किया है और दोनों को 31-31 सीटें मिली हैं। कभी बसपा का गढ़ रहे बुंदेलखंड में बसपा ने सपा को करारी टक्कर देकर यह साफ कर दिया है कि उसे कम आंकना उचित नहीं है। वहीं कांग्रेस को दो सीटों पर संतोष करना

पश्चिमी यूपी में किसान आंदोलन का असर दिखा, जिसके चलते राष्ट्रीय लोकदल ने 35 सीटें मिलने का दावा किया है। सपा के साथ उसका गठबंधन होने के चलते सपा को 43 सीटें मिली। इसके बावजूद भाजपा छह जिलों में हापुड़, बागपत, शामली, बिजनौर, सहारनपुर और बुलंदशहर में 62 सीटें हासिल कर दबदबा बनाए रखने का दावा कर रही है। पश्चिमी यूपी के नतीजों ने साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनावों में रालोद-सपा गठबंधन मौजूदा हालात के मद्देनज़र कड़ी चुनौती पेश करने की तैयारी में हैं।

पूर्वांचल के गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी व मिर्जापुर मंडल के परिणामों में भी पार्टियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। भाजपा का दावा है कि उसे पूर्वांचल में 81 सीटें मिली हैं और सपा के मुताबिक उसे 125 सीटें हाथ लगी हैं। वहीं बसपा ने पूर्वांचल में पश्चिमी यूपी के बाद सबसे अच्छे प्रदर्शन का दावा किया है उसे 64 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिली हैं।

बरेली मंडल के जिलों में भाजपा ने 24, सपा ने 17, बसपा ने छह और कांग्रेस ने एक सीट जीतने का दावा किया है। वहीं महान दल ने भी बरेली मंडल में दो सीटें जीती हैं तो निर्दलीय प्रत्याशियों ने 19 सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया है।

आगरा-मथुरा से जुड़े ब्रज क्षेत्र में भी सपा आगे दिख रही है। भाजपा ने यहां 51 सीटें और सपा ने 64 सीटें जीतने का दावा किया है। बहुजन समाज पार्टी ने भी आगरा मंडल में 37 सीटों पर जीत का दावा कर संकेत दे दिया है कि गांव-देहात की सरकार बनाने के लिए उसकी जड़ें अभी कमजोर नहीं हुई हैं।

अवध क्षेत्र के अयोध्या, लखनऊ, गोंडा, अमेठी में आए नतीजे भाजपा को झटका देने वाले माने जा रहे हैं। सपा ने यहां 116 सीटों पर और भाजपा ने 64 सीटों पर जीत का दावा किया। लखनऊ की 25 सीटों में से 10 पर सपा ने कब्जे का दावा किया है। वहीं भाजपा ने तीन और बसपा ने पांच सीटें जीतने का दावा किया है। राम नगरी अयोध्या में सपा नेताओं ने 22 और भाजपा ने 8 सीटों पर जीत का दावा किया। वहीं गोंडा जैसे जिले में जहां भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह हैं और सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, वहां सपा ने सबसे ज्यादा 30 और भाजपा ने महज 17 सीटें ही जीतने का दावा किया है। 

Post a Comment

0 Comments