आपदा में अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित हुआ बस्ती का लाल


बस्ती शहर के मूल निवासी कमाण्डेन्ट निशीथ उपाध्याय को ‘आपदा प्रबन्धन, राहत एवं बचाव कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए केंद्र सरकार ने ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक दिये जाने की घोषणा की है। यह सम्मान देश के पुलिस बल व अर्धसैनिक बल के सदस्यों को अति उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। वर्तमान में निशीथ कमाण्डेन्ट 2वीं वाहिनी एनडीआरएफ के पद पर कोलकाता में तैनात हैं।

वे कई वर्षों से देश व विदेश में आपदा प्रबन्धन एवं बचाव कार्यो का नेतृत्व करते आ रहे हैं। इन्होंने सिक्किम भूकम्प (2011), नेपाल भूकम्प (2015), ‘फायलिन, ‘हुदहुद, ‘बुलबुल, ‘फोनी और 2020 में आए ‘अम्फन चक्रवाती तूफान में राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व किया है। इसके अतिरिक्त बंगाल, बिहार, असम, केरल व कर्नाटक में आए भीषण बाढ़ के दौरान में भी राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली थी। इनके कुशल नेतृत्व व किए गए कार्यों को अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है।
निशीथ उपाध्याय मूलतः बस्ती शहर के रोडवेज तिराहे के समीप मालवीय रोड के निवासी है। इनका पैत्रिक गांव बस्ती सदर मे स्थित भैसहियां है। निशीथ उपाध्याय बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। इनकी प्रारम्भिक शिक्षा राजकीय इण्टर कॉलेज एवं खैर इण्टर कॉलेज बस्ती में हुई।

इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भौतिक शास्त्र में एमएससी तथा फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी की। निशीथ उपाध्याय को इसके पूर्व भी यूएन मेडल, एनडीआरएफ मेडल, प्रेसीडेन्ट पुलिस मेडल फार मेरिटोरियस सर्विस व कई बार महानिदेशक के प्रशस्ति पत्र व डिस्क से अलंकृत किया जा चुका है। निशीथ ने संयुक्त राष्ट्र संघ में ‘इण्डियन फार्म पुलिस‘ के उप-कमाण्डर की हैसियत से अशांत देश कांगो में भी सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त भारत में व विदेशों में कई प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संगोष्ठी व संयुक्त अभ्यास में हिस्सा लिया है।

---

नेपाल भूकम्प पर लिखी है किताब

कमाण्डेंट निशीथ उपाध्याय ने नेपाल भूकम्प में किए राहत एवं बचाव कार्यों पर किताब ‘नेपाल भूकम्प-जिंदगी की तलाश लिखी, जिसको भारत सरकार स्तर से प्रकाशित किया गया। अभी हाल में ‘भीषण चक्रवाती तूफान- अम्फान-2020 विषय पर इनके लिखित शोध-पत्र को वर्ल्ड कांग्रेस ऑन डिस्आस्टर मेनैजमेन्ट में स्वीकार किया गया है और प्रस्तुत करने के लिए इन्हें आमंत्रित भी किया गया है। सिक्किम भूकम्प के दौरान किए कार्यों पर इनके लेख कई पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए थे। निशीथ उपाध्याय के लिए ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक की घोषणा पर बड़े भाई विनय उपाध्याय, भाभी अरुण प्रभा उपाध्याय, चन्द्रप्रभा उपाध्याय, भतीजे अभिषेक उपाध्याय, अभिनव उपाध्याय, राकेश त्रिपाठी, संजय मिश्र, सुनील मिश्रा, अभय प्रताप सिंह, विनोद शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
रिपोर्टर:- रवि कसौधन

Post a Comment

0 Comments